एआरबी टाइम्स ब्यूरो
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में आगामी 24 घंटों के दौरान भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों, पहाड़ी क्षेत्रों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। उपायुक्त मंडी, अपूर्व देवगन ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला द्वारा 25 अगस्त की दोपहर से 26 अगस्त की सुबह तक मंडी जिले के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।
⚠️ प्रशासन की एडवाइजरी में मुख्य बिंदु:
अनावश्यक यात्रा से बचें, अत्यंत आवश्यकता होने पर ही घर से निकलें।
यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लें।
नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।
जलाशयों से पानी छोड़े जाने की स्थिति में सतर्क रहें।
जिला प्रशासन व आपदा प्रबंधन की दिशा-निर्देशों का पालन करें।
📞 आपातकालीन संपर्क नंबर:
मंडी प्रशासन कार्यालय: 01905-226201, 226202, 226203, 226204
टोल फ्री आपदा सहायता नंबर: 1077
उपायुक्त ने यह भी बताया कि सभी उपमंडल स्तरीय प्रशासनिक इकाइयों और विभागीय अधिकारियों को अलर्ट पर रखा गया है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
