एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। जिला शिमला में लगातार भारी बारिश के चलते कई इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। उप-मोहाल जोत, डुब्लू में एक मकान मलबे में पिता पुत्री, चोल में एक बुजुर्ग महिला की मलबे में दबकर जान चली गई। रोहड़ू के दयार मोली क्षेत्र में तीन घरों को खतरा उत्पन्न होने पर चार परिवारों के 10 सदस्यों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। दो गौशालाएं भी ध्वस्त हो गईं, जिसमें दो गाय और एक भेड़ मलबे में दब गईं।
जुन्गा में बारिश ने ली बाप-बेटी की जान, घर समेत मवेशी भी मलबे में दबे
उप-मोहाल जोत, पटवार सर्कल डुब्लू में भारी वर्षा के चलते एक बड़ा भूस्खलन हुआ, जिसमें जय सिंह के पुत्र वीरेन्द्र कुमार (उम्र 35 वर्ष) और उनकी 10 वर्षीय बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। घर पूरी तरह मलबे में दब गया, जिससे उनके पालतू पशुओं की भी मृत्यु हो गई। हादसे के समय वीरेन्द्र कुमार की पत्नी घर से बाहर थीं, जिससे उनकी जान बच गई।
कोटखाई के चोल गांव में भूस्खलन से बुजुर्ग महिला की मौत
चोल, गांव व डाकघर आदर्श नगर, कोटखाई में हुए भूस्खलन के कारण एक मकान मलबे में दब गया। इस हादसे में कालावती (पत्नी बालम सिंह) मलबे में फंस गईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन दुर्भाग्यवश वे नहीं बच सकीं और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
दयार मोली में लैंड स्लाइड से तीन घरों पर संकट, परिवारों को किया गया सुरक्षित स्थानांतरित
उपमंडल रोहडू के दयार मोली क्षेत्र में लैंड स्लाइड के कारण तीन घरों को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। उपमंडलाधिकारी रोहड़ू रमेश धमोत्रा ने देर रात मौके का निरीक्षण किया और कुलदीप, संदीप, प्रदीप व सोन्फू राम के परिवारों सहित कुल 10 लोगों को गांव के सुरक्षित घरों में स्थानांतरित करवाया।
रात साढ़े आठ बजे हुई लैंडस्लाइड में दो गौशालाएं पूरी तरह मलबे में दब गईं, जिसमें दो गाय और एक भेड़ के दबने की सूचना है। शिकडी खड्ड क्षेत्र में जल स्तर बढ़ने से लोगों में दहशत है। प्रशासन ने इंडोर स्टेडियम में शेल्टर होम की व्यवस्था की है और प्रभावित लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन से संपर्क कर शेल्टर में ठहरें।
