एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला | हिमाचल प्रदेश में डीएलएड में दाखिले के लिए पहले चरण की काउंसलिंग के बाद भी 1142 सीटें रिक्त हैं। इन सीटों को भरने के लिए 15 सितंबर से दूसरे चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी। इससे पहले 9 सितंबर को प्रथम चरण में आवंटित सीटों की अंतिम स्थिति स्पष्ट की जाएगी। इसके बाद बची हुई सीटों के आधार पर दूसरे चरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
सरकारी संस्थानों में 154 और निजी में 988 सीटें खाली
मौजूदा आंकड़ों के अनुसार सरकारी डीएलएड संस्थानों में 154 सीटें, जबकि निजी संस्थानों में 988 सीटें रिक्त हैं। अब तक सरकारी संस्थानों में 746 और निजी संस्थानों में 562 सीटें आवंटित की जा चुकी हैं। रिक्त सीटों में 367 सब्सिडाइज्ड और 621 नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटें शामिल हैं। हालांकि, प्रथम चरण में आवंटित सीटों की अंतिम स्थिति 9 सितंबर को स्पष्ट होने के बाद रिक्त सीटों के आंकड़ों में बदलाव संभव है।
केवल शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
दूसरे चरण की काउंसलिंग में केवल प्रथम चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को ही भाग लेने का अवसर मिलेगा। नए अभ्यर्थियों को इस चरण में शामिल नहीं किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि 1142 रिक्त सीटों को भरने के लिए 15 सितंबर से प्रक्रिया शुरू होगी। बोर्ड की ओर से रिक्त सीटों की संख्या स्पष्ट होने के बाद काउंसलिंग और सीट आवंटन का विस्तृत शेड्यूल जारी किया जाएगा।
9 सितंबर के बाद तस्वीर होगी साफ
प्रथम चरण में जिन अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की गई हैं, उनके प्रवेश की अंतिम स्थिति 9 सितंबर को स्पष्ट होगी। इसके बाद जिन सीटों पर प्रवेश नहीं हो पाएगा, उन्हें दूसरे चरण की काउंसलिंग में शामिल किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे बोर्ड की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक शेड्यूल और निर्देशों पर नजर रखें, ताकि काउंसलिंग से जुड़ी जानकारी समय पर मिल सके।
