एआरबी टाइम्स ब्यूरो, सोलन | हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के डगशाई पब्लिक स्कूल में रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पांच सीनियर छात्रों ने हॉस्टल के कमरे से नौवीं कक्षा के एक छात्र को जबरन बाहर खींचकर उसके साथ मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांचों छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना 5 सितंबर 2026 की बताई जा रही है। पीड़ित छात्र और आरोपी छात्र पंजाब के बताए जा रहे हैं। तलविंदर मानेस समेत अन्य अभिभावकों की ओर से पुलिस को दी गई संयुक्त शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी सीनियर छात्र पिछले करीब चार महीने से जूनियर छात्रों को कथित तौर पर रैगिंग, डराने-धमकाने और गाली-गलौज कर रहे थे। अभिभावकों ने शिकायत में कुछ आरोपी छात्रों पर अपने पास हथियार रखने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि इस वजह से जूनियर छात्रों में भय और मानसिक तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद पीड़ित छात्र के परिजन और अन्य अभिभावक स्कूल परिसर पहुंचे। उन्होंने स्कूल प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए आरोपियों के साथ-साथ प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।
स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप
अभिभावकों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में जूनियर छात्रों के साथ लंबे समय से रैगिंग और मनमानी की जा रही थी, लेकिन शिकायतों के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने प्रभावी कदम नहीं उठाए। उनका आरोप है कि हॉस्टल में चल रही गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि नए प्रधानाचार्य के आने के बाद स्कूल और हॉस्टल का माहौल खराब हुआ है तथा इस तरह की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
रैगिंग अधिनियम के तहत केस दर्ज
धर्मपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर रविवार को मामला दर्ज किया। सोलन के एसपी टीएसडी वर्मा ने बताया कि आरोपी छात्रों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश शैक्षणिक संस्थान रैगिंग पर प्रतिबंध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी जांच करेगी कि हॉस्टल में पहले से रैगिंग की शिकायतें थीं या नहीं।
