एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल में सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया है। यहां भवाना चौक के पास एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में करीब 19 यात्री घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब बस अपने निर्धारित मार्ग पर जा रही थी कि अचानक भवाना चौक के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। बस पलटते ही आसपास के स्थानीय लोग बिना देरी किए तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए और बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए सुंदरनगर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
कारणों की जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन तकनीकी खराबी या सड़क की खराब स्थिति को भी संभावित वजह माना जा रहा है। स्थानीय जनता ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर विस्तृत जांच में जुट गई है।
