एआरबी टाइम्स ब्यूरो, सोलन | हिमाचल प्रदेश में नकली और अवैध दवाइयों के कारोबार के खिलाफ ड्रग कंट्रोल विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोलन जिले के नालागढ़ क्षेत्र के राजपुरा में अवैध दवा निर्माण और भंडारण के ठिकाने का पर्दाफाश किया है। हिमाचल प्रदेश ड्रग कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन और उत्तर प्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन (यूपी एफडीए) की संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान करीब 67 हजार एंटीबायोटिक टैबलेट, प्रेगाबालिन 300 एमजी के लगभग 6500 कैप्सूल और करीब 100 किलोग्राम प्रिंटेड एल्युमिनियम फॉयल बरामद की है। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अदालत ने आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश एफडीए की जांच में कुछ दवाइयां घटिया गुणवत्ता की पाई गई थीं। इनके नकली होने का भी संदेह था। जांच के दौरान इन दवाइयों के स्रोत के तार नालागढ़ के राजपुरा से जुड़े मिले। इसके बाद हिमाचल के राज्य ड्रग कंट्रोलर डॉ. मनीष कपूर ने विशेष टीमों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
टीम ने राजपुरा स्थित एक भवन में छापा मारा तो वहां बिना वैध मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस के दवा निर्माण से संबंधित मशीनरी, दवाइयां और पैकेजिंग सामग्री मिली। बरामद एल्युमिनियम फॉयल पर दूसरी फार्मा कंपनियों के ब्रांड नाम अंकित थे। इससे अन्य कंपनियों के नाम पर नकली दवाइयां तैयार किए जाने की आशंका जताई जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
बद्दी की दो औद्योगिक इकाइयों की भी जांच
कार्रवाई के दौरान मिली जानकारी के आधार पर टीम ने बद्दी औद्योगिक क्षेत्र के दो अन्य संदिग्ध ठिकानों की भी जांच की। मानपुरा के गुरुमाजरा स्थित एक इकाई में खाद्य सामग्री से संबंधित गतिविधियां पाई गईं और दवाइयों से जुड़ी कोई अनियमितता सामने नहीं आई। संबंधित इकाई के पास वैध लाइसेंस भी मिला। वहीं, सिक्का होटल के समीप स्थित दूसरी औद्योगिक इकाई के पास वैध होलसेल ड्रग लाइसेंस पाया गया। यहां उपलब्ध दवाइयों के नमूने एहतियातन लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
ड्रग कंट्रोलर डॉ. मनीष कपूर ने कहा कि प्रदेश में अवैध दवा निर्माण और नकली दवाइयों के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। मरीजों की सुरक्षा और दवाइयों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मामले की गहन जांच कर दवाइयों के स्रोत, निर्माण में शामिल लोगों और सप्लाई चेन का पता लगाया जा रहा है। दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
