एआरबी टाइम्स ब्यूरो | नाहन
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला सांख्यिकी कार्यालय में तैनात अनुसंधान अधिकारी प्रेम प्रकाश की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने अज्ञात कर्मियों और अधिकारियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। वीरवार को पुलिस ने उनकी पत्नी की शिकायत के आधार पर यह मामला दर्ज किया। सिरमौर जिले के हाब्बन क्षेत्र के निवासी प्रेम प्रकाश ने कुछ दिन पहले आत्महत्या कर ली थी। पुलिस को मिले दो पेज के सुसाइड नोट में उन्होंने कर्मचारियों और अधिकारियों पर गलत काम करने के लिए दवाब बनाने का जिक्र नहीं था। हालांकि, इस सुसाइड नोट में किसी का नाम नहीं था। इसके आधार पर पत्नी ने पुलिस को शिकायत देते हुए मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच करने की मांग उठाई है।
पत्नी के अनुसार, प्रेम प्रकाश पिछले कुछ समय से विभागीय दबाव और प्रशासनिक जटिलताओं के कारण मानसिक तनाव में थे। पत्नी ने आरोप लगाया है कि विभागीय अधिकारी उनके पति को लगातार परेशान कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल और मुख्यालय से जुड़े मामलों में उन्हें अनावश्यक दबाव झेलना पड़ रहा था। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि चंबा से स्थानांतरण और नियमितीकरण से जुड़े मामलों में भी उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पत्नी प्रीति ने मांग की है कि सुसाइड नोट के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाए और जिन लोगों की वजह से उनके पति को यह कदम उठाना पड़ा, उन्हें किसी भी हाल में बख्शा न जाए।
पुलिस ने बताया कि जांच में विभागीय रिकॉर्ड, सेवा फाइलें, स्थानांतरण से जुड़े दस्तावेज और संबंधित अधिकारियों के बयान शामिल किए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर डिजिटल साक्ष्यों और फॉरेंसिक जांच की भी मदद ली जा सकती है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें
>>Himachal : जिला सांख्यिकी अधिकारी ने दी जान, सुसाइड नोट में विभाग पर गंभीर आरोप
