शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने शिक्षा विभाग की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की डाइट मनी में बढ़ोतरी कर दी है। अब अंडर-12 और अंडर-14 खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्रों को 120 रुपए की जगह 250 रुपए प्रति दिन मिलेंगे। शिक्षा निदेशक ने इस बाबत आदेश जारी किए हैं और सभी डिप्टी डायरेक्टर को नई दरों के अनुसार डाइट मनी देने को कहा गया है। इसका लाभ ब्लॉक और जिला स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को मिलेगा।
डाइट मैन्यू तय
शिक्षा विभाग ने हिमाचल स्कूल स्पोर्ट्स एसोसिएशन की प्रतियोगिताओं और कैंप के लिए डाइट का मैन्यू भी तय किया है।
ब्रेकफास्ट: ब्रेड स्लाइस, बटर, परांठा, दही, चाय, कॉफी, दूध और फल।
लंच: पनीर, चावल, रोटी/पुरी, पापड़, सलाद, आचार, दो दालें, मौसमी सब्जी, दही/रायता और स्वीट डिश।
रिफ्रेशमेंट: फ्रूट और जूस।
डिनर: मौसमी सब्जी, चावल, रोटी/पुरी, पापड़, सलाद, आचार, दो दालें, नॉन-वेज/पनीर और स्वीट डिश।
