अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर शिमला में मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया एलान, बोले – जल्द शुरू होगी योजना
एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिमला के रिज मैदान पर अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के मौके पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार बुजुर्गों को सम्मानजनक जीवन देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार जल्द ही रोगी मित्र योजना शुरू करेगी, जिसके तहत वरिष्ठ नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्वालामुखी में 100 करोड़ रुपये की लागत से सुख आश्रय परिसर बनाया जा रहा है, जहां बुजुर्गों को घर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। फिलहाल प्रदेश के 6,71,754 वरिष्ठ नागरिकों को प्रतिमाह 1000 से 1700 रुपये की सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। खास बात यह है कि इसमें किसी भी आय सीमा की शर्त नहीं रखी गई है।
पेंशन की श्रेणियां:
60 से 69 वर्ष के पुरुष: ₹1000 प्रतिमाह
60 से 69 वर्ष की महिलाएं: ₹1500 प्रतिमाह
70 वर्ष से अधिक सभी वरिष्ठ नागरिक: ₹1700 प्रतिमाह
इसके अलावा, इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना के तहत 2.37 लाख महिलाओं को हर माह ₹1500 पेंशन दी जा रही है।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार
सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में स्कूलों का रेशनलाइजेशन किया गया है और जल्द ही 100 स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न पर विकसित किया जाएगा।स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए मेडिकल कॉलेजों को आधुनिक उपकरणों से लैस किया जा रहा है। 300 करोड़ रुपये की लागत से पुरानी मशीनों को बदला जा रहा है। उन्होंने बताया कि चमियाना और टांडा मेडिकल कॉलेज में अब मात्र 30 हजार रुपये में रोबोटिक सर्जरी उपलब्ध है, जबकि निजी अस्पतालों में इसकी लागत लगभग 2 लाख रुपये है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने किया रैंप वॉक
कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठ नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ नागरिकों ने रैंप वॉक कर दर्शकों की तालियां बटोरीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
