एआरबी टाइम्स ब्यूरो | धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने कक्षा 10वीं का रिजल्ट 2026 घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल छात्र अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं। इस वर्ष HPBOSE 10वीं रिजल्ट 2026 में कुल 83.87 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे हैं। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि इस बार 93,694 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए और सख्त कदम उठाए जाएंगे। अगली बोर्ड परीक्षाओं में ऑडियो और विजुअल रिकॉर्डिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
इस वर्ष कांगड़ा जिले की छात्रा अनमोल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 699 अंक प्राप्त किए हैं। वह एवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पहरा (कांगड़ा) की छात्रा हैं। अनमोल ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। 698 अंक लेकर तीन विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया है। इनमें अभिनव मेहता, जो गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रापोह मिसरां (ऊना) के छात्र हैं, शामिल हैं।
इसी अंक के साथ कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बिलासपुर की छात्रा पूर्णिमा शर्मा भी दूसरे स्थान पर रही हैं। रूहानी धीमन, जो गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रापोह मिसरां (ऊना) की छात्रा हैं, उन्होंने भी 698 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान साझा किया।
697 अंक लेकर नीलम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बीहड़ू (बिझड़ी) की छात्रा अश्विका शर्मा तीसरे स्थान पर रहीं। इसी के साथ ऑक्सफोर्ड स्कूल, कोटली की छात्रा अलीशा ठाकुर ने भी 697 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। 696 अंक लेकर चार विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से चौथा स्थान प्राप्त किया है। इनमें श्रुति (आदर्श विद्यालय, छियाछी सोलन), अस्मिता शर्मा (किड बड्स पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पांगा बिझड़ी), इशिता वालिया और कनिश (दोनों भारती विद्यापीठ पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बैजनाथ) शामिल हैं।
मार्कशीट और पूरक परीक्षा की जानकारी
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि छात्र अपनी मूल मार्कशीट संबंधित स्कूलों से प्राप्त करेंगे। मार्कशीट में छात्र का नाम, रोल नंबर, विषयवार अंक, थ्योरी और प्रैक्टिकल अंक सहित कुल प्राप्तांक दर्ज होंगे। जो छात्र इस बार सफल नहीं हो पाए हैं, उन्हें पूरक परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।
