एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार तथा एसजेवीएन निगम मुख्यालय शिमला के दिशा-निर्देशों के तहत नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (एनजेएचपीएस) में “स्वच्छता पखवाड़ा 2026” का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। यह अभियान 16 से 31 मई 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत शपथ ग्रहण समारोह से हुई, जिसमें परियोजना परिसर, झाकड़ी तथा नाथपा डैम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
एसजेवीएन द्वारा पखवाड़े के दौरान विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वच्छता अभियान, सरकारी विद्यालयों में बालिका शौचालय गोद लेने की पहल, स्वच्छता रैली, नुक्कड़ नाटक तथा जन-जागरूकता गतिविधियां शामिल रहेंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य एनजेएचपीएस कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय समुदाय में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छ वातावरण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है।
