एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
शिमला जिले में चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए टेलीकॉम कंपनी के करीब 70 लोहे के पोल चोरी कर लिए। आरोपियों ने पहले ऑप्टिकल फाइबर लाइन को नुकसान पहुंचाया और फिर गैस कटर की मदद से भारी-भरकम लोहे के एच-पोल काटकर ले गए। इस घटना में कंपनी को करीब 9.25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला रामपुर उपमंडल के तकलेच क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार 5 और 6 मई की रात अज्ञात चोरों ने उस रूट को निशाना बनाया, जहां ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) बिछाई गई थी। जांच के दौरान कंपनी को पता चला कि करीब 70 लोहे के पोल गायब हैं। कई जगहों पर पोल गैस वेल्डिंग से काटे गए थे। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण कार्य के चलते कुछ हिस्सों में केबल को पोल की बजाय पेड़ों के सहारे लगाया गया था। घटना का पता तब चला जब कंपनी को OFC लाइन कटने की सूचना मिली। इसके बाद कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
Aerial Telecom Solution Private Limited के स्टेट मैनेजर ने इस संबंध में हिमाचल प्रदेश पुलिस के रामपुर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया कि मौके पर दो कटे हुए पोल मिले, जिसके बाद पूरे रूट की जांच की गई। जांच में 70 पोल चोरी होने का खुलासा हुआ। कंपनी द्वारा आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। बहली क्षेत्र के फुटेज में 6 मई की रात एक बोलेरो कैंपर वाहन संदिग्ध रूप से इलाके की ओर जाता दिखाई दिया है। पुलिस अब इसी वाहन के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
