एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर विकास खंड में आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को राजकीय महाविद्यालय रामपुर के सभागार में मतदान कर्मियों के लिए प्रथम चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन खंड विकास कार्यालय रामपुर की ओर से किया गया, जिसमें चुनाव ड्यूटी पर नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र की 39 पंचायतों में तीन चरणों में मतदान संपन्न करवाया जाएगा। चुनाव कार्य में तैनात कर्मचारियों को मतपेटियों के सही उपयोग, मतदान सामग्री के संरक्षण, मतपत्रों की सुरक्षा और मतदान केंद्रों पर अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से अवगत करवाया गया।
रिटर्निंग अधिकारी रामपुर विकास खंड अनमोल शर्मा ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रशिक्षण के दौरान मतदान दलों को मतपेटी सील करने, मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने, मतपत्र जारी करने और मतदान समाप्ति के बाद की औपचारिकताओं का व्यावहारिक अभ्यास भी करवाया गया।
इसके अलावा संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कर्मचारियों को चुनाव आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके।
प्रशिक्षण शिविर में कर्मचारियों की चुनाव संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। प्रशासन का मानना है कि बेहतर प्रशिक्षण से मतदान प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित और सफल बनाया जा सकेगा।
