एआरबी टाइम्स ब्यूरो | धर्मशाला
आईपीएल 2026 के 58वें मुकाबले से पहले मुंबई इंडियंस (MI) की टीम मंगलवार को धर्मशाला पहुंच गई। दुनिया के सबसे खूबसूरत क्रिकेट मैदानों में शामिल एचपीसीए स्टेडियम में 14 मई को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला जाएगा। टीम चंडीगढ़ से एलायंस एयर के विशेष विमान के जरिए कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंची।
मुंबई इंडियंस भले ही इस सीजन प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, लेकिन धर्मशाला में टीम और खासकर रोहित शर्मा को लेकर प्रशंसकों का उत्साह देखने लायक रहा। एयरपोर्ट के बाहर सैकड़ों क्रिकेट फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए। जैसे ही रोहित शर्मा एयरपोर्ट से बाहर निकले, पूरा परिसर “मुंबई-मुंबई” के नारों से गूंज उठा। हालांकि सुरक्षा कारणों के चलते रोहित शर्मा सीधे टीम बस में बैठकर होटल रेडिसन ब्लू के लिए रवाना हो गए और प्रशंसकों से ज्यादा बातचीत नहीं कर सके। इसके बावजूद टीम के युवा खिलाड़ियों ने फैंस का दिल जीत लिया।
तिलक वर्मा और दीपक चाहर ने जीता फैंस का दिल
मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा प्रशंसकों के बीच पहुंचे और उन्होंने ऑटोग्राफ देने के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। वहीं नमनधीर ने स्थानीय युवाओं से क्रिकेट को लेकर बातचीत की। चोट के बाद वापसी कर रहे तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने भी एयरपोर्ट पर मौजूद फैंस का अभिवादन स्वीकार किया। टीम के साथ सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, टिम डेविड, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर और कप्तान हार्दिक पांड्या भी धर्मशाला पहुंचे हैं। मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला 14 मई को शाम 7:30 बजे पंजाब किंग्स के खिलाफ खेला जाएगा। मुंबई इंडियंस के लिए अब खोने के लिए कुछ नहीं है, लेकिन टीम जीत के साथ सीजन का अंत करना चाहेगी। धर्मशाला की तेज पिच पर जसप्रीत बुमराह और गेराल्ड कोएत्ज़ी पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकते हैं।
