एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
नगर परिषद रामपुर के आगामी चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पदम स्कूल रामपुर के सभागार में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण की अध्यक्षता सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान उन्हें चुनाव प्रक्रिया के सभी अहम पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में ईवीएम संचालन, मतदाता सूची प्रबंधन, मतदान केंद्रों की व्यवस्था, मतदान प्रक्रिया तथा आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव एक अत्यंत संवेदनशील प्रक्रिया है, जिसे पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
प्रशासन ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण का दूसरा और तीसरा चरण 11 और 16 मई को आयोजित किया जाएगा, ताकि चुनाव ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी पूर्ण रूप से प्रशिक्षित और तैयार रह सकें।
वहीं, नगर परिषद रामपुर के 9 वार्डों के लिए प्रशासन द्वारा पोलिंग बूथ भी निर्धारित कर दिए गए हैं। वार्ड नंबर 1 के लिए पदम स्कूल रामपुर, वार्ड 2 के लिए प्राथमिक विद्यालय पदम नगर, वार्ड 3 के लिए प्राथमिक विद्यालय रामपुर और वार्ड 4 के लिए वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर को मतदान केंद्र बनाया गया है।
इसी क्रम में वार्ड 5 के लिए प्राथमिक विद्यालय खोपड़ी, वार्ड 6 के लिए सर्व शिक्षा अभियान भवन डकोलढ़, वार्ड 7 के लिए वन विभाग विश्राम गृह डकोलढ़ (फेनीधार), वार्ड 8 के लिए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रचोली तथा वार्ड 9 के लिए प्राथमिक विद्यालय खनेरी को मतदान केंद्र के रूप में निर्धारित किया गया है।
