एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर की तकलेच पंचायत के कई गांव इन दिनों भालू के आतंक से दहशत में हैं। ताजा मामला पंचायत के कुबंन गांव का है, जहां रविवार रात एक भालू ने कई बागीचों में घुसकर भारी तबाही मचाई। भालू ने प्लम, शक्करपारे और आड़ू जैसे स्टोन फ्रूट्स से लदे कई पेड़ों को नीचे से तोड़ दिया, जिससे बागवानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार भालू ने गुमान कायथ, अब्बू कायथ, परसराम, राजू भलूनी, रोशनलाल, रामेश्वर कायथ और जवाहर भलूनी के बागीचों में जमकर उत्पात मचाया। भालू ने न केवल तैयार फसल को नुकसान पहुंचाया, बल्कि कई पेड़ों को पूरी तरह तोड़ दिया, जिससे आगामी सीजन की फसल पर भी संकट खड़ा हो गया है।
सोमवार सुबह जब बागवान अपने बागीचों में पहुंचे तो तबाही का मंजर देखकर हैरान रह गए। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे भालू के आतंक से खेती-बाड़ी करना मुश्किल होता जा रहा है। लोगों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में जल्द पिंजरा लगाने और भालू को पकड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
बागवानों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा। उन्होंने विभाग से भालू को पकड़ने या क्षेत्र से दूर भगाने के लिए स्थायी समाधान निकालने की अपील की है।
इस संबंध में वन मंडलाधिकारी रामपुर बुशहर गुर हर्ष सिंह ने कहा कि फील्ड से पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। मौके पर क्या कदम उठाए जा सकते हैं, इस पर विभाग स्तर पर मंथन किया जाएगा।
