एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रदेश की प्रमुख कंसल्टेंसी एजेंसी हिमकॉन में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। सरकार ने एजेंसी में वित्तीय अनियमितताओं और कामकाज में हेराफेरी की गंभीर आशंकाओं के मद्देनजर तत्काल प्रभाव से चेयरमैन कम सीईओ डॉ. संदीप डागर को हटा दिया है। डॉ. डागर के हटाए जाने के बाद अब राज्य सरकार ने रामपुर के कांग्रेस नेता विकेश चौहान (गिन्नी) को हिमकॉन का नया चेयरमैन कम सीईओ नियुक्त किया है। यह महत्वपूर्ण निर्णय हिमकॉन निदेशक मंडल की मंगलवार को आयोजित बैठक में लिया गया। हिमकॉन में राज्य सरकार और विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की कुल हिस्सेदारी 51 प्रतिशत है। सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से हिमकॉन के कामकाज में अनियमितताओं की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन आशंकाओं की गंभीरता को देखते हुए यह प्रशासनिक कदम उठाया गया।
विकेश चौहान गिन्नी पहले जिला परिषद सदस्य रह चुके हैं और इससे पहले हिमाचल स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के निदेशक भी हैं। छात्र जीवन में एनएसयूआई से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले विकेश चौहान ने रामपुर शहरी युवा कांग्रेस के अध्यक्ष, मंडल महासचिव और जिला महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद विकेश चौहान ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे सरकार के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने रामपुर की जनता का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार हर वर्ग के समान विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
हिमकॉन हिमाचल प्रदेश की एक विशिष्ट सरकारी कंसल्टेंसी एजेंसी है, जो विभिन्न सरकारी बोर्डों, निगमों और औद्योगिक परियोजनाओं को तकनीकी एवं प्रबंधकीय परामर्श प्रदान करती है। एजेंसी के अंतर्गत मुख्य रूप से हिमाचल वित्त निगम, स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और सामान्य उद्योग निगम शामिल हैं। इसके अलावा कई औद्योगिक और सरकारी संस्थान परियोजनाओं के लिए हिमकॉन पर भरोसा करते हैं।
