एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने हिम बस कार्ड योजना शुरू कर दी है। अब मुफ्त या रियायती यात्रा का लाभ उठाने के लिए पात्र लोगों को हिम बस कार्ड बनवाना अनिवार्य होगा। इसके लिए 236 रुपये देंगे। कार्ड 200 रुपये का है जबकि 36 रुपये जीएसटी के हैं। नवीनीकरण शुल्क 150 रुपये तय किया गया है। कार्ड खो जाने या क्षतिग्रस्त होने पर नया कार्ड बनाने पर 236 रुपये ही लगेंगे। कार्ड की वैधता एक वर्ष की होगी और इसे हर साल ऑनलाइन नवीनीकृत करना होगा।
जल्द ही जारी होगा हिम बस प्लस कार्ड
परिवहन निगम के मुताबिक, अभी जिन यात्रियों के पास येलो कार्ड, ग्रीन कार्ड, स्मार्ट कार्ड या अन्य रियायती कार्ड हैं, उनके लिए जल्द ही हिम बस प्लस कार्ड लाया जा रहा है। प्रदेश सरकार के निर्देशों के तहत रेडियो फ्रीक्वेंसी आधारित डिजिटल प्रणाली लागू की गई है, जिससे निशुल्क और रियायती यात्रा सुविधाएं अब पूरी तरह डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होंगी।
इन वर्गों के लिए हिम बस कार्ड अनिवार्य
निम्नलिखित श्रेणियों के लोग हिम बस कार्ड बनवाने के पात्र और अनिवार्य हैं:
-
सरकारी, निजी स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थी (10+2 तक)
-
राज्य व केंद्र सरकार के कर्मचारी, निगमों व बोर्डों के अधिकारी
-
पुलिस कर्मी (कांस्टेबल से इंस्पेक्टर तक)
-
जेल विभाग अधिकारी (वार्डन से सहायक अधीक्षक तक)
-
पूर्व विधायक, पूर्व सांसद
-
स्वतंत्रता सेनानी व उनकी पत्नियां
-
राज्य एवं जिला स्तर के मान्यता प्राप्त पत्रकार
-
शौर्य पुरस्कार विजेता, युद्ध विधवाएं
-
विशेष रूप से सक्षम व्यक्ति (Divyang)
-
एचआरटीसी के दिवंगत या सेवानिवृत्त कर्मचारियों की विधवाएं
-
सचिवालय सुरक्षा कर्मी और महिलाएं
-
केंद्रीय विश्वविद्यालय एवं केंद्रीय विद्यालयों के विद्यार्थी
-
कुष्ठ रोगी, राज्य पुरस्कार प्राप्त बच्चे (21 वर्ष तक)
-
राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षक
💻 ऑनलाइन आवेदन और भुगतान प्रक्रिया
पात्र आवेदक Him Access Portal पर Citizen Login के माध्यम से साइन अप कर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
-
भुगतान केवल डिजिटल माध्यमों (Debit/Credit Card, Net Banking या UPI) से स्वीकार किया जाएगा।
-
डाक से कार्ड मंगवाने पर 56 रुपये (जीएसटी सहित) अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
-
कार्ड पास कलेक्शन सेंटर से भी प्राप्त किए जा सकते हैं।
-
कार्ड का ऑनलाइन नवीनीकरण भी संभव होगा।
