एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
आईजीएमसी शिमला के बहुचर्चित मारपीट मामले में मंगलवार को बड़ा और अप्रत्याशित मोड़ सामने आया। राज्य सरकार की ओर से नए सिरे से जांच के एलान के बीच आरोपी डॉक्टर डॉ. राघव निरुला और मरीज अर्जुन सिंह पंवर के बीच आपसी समझौता हो गया। दोनों मीडिया के सामने एक साथ आए, हाथ मिलाया और गले लगकर विवाद समाप्त करने की घोषणा की। इस दौरान डॉ. राघव निरुला की मां भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि अर्जुन भी उनके लिए राघव जैसा ही है। दोनों पक्षों के बीच समझौते के बाद अब सबकी निगाहें राज्य सरकार के फैसले पर टिकी हैं।
गौरतलब है कि राज्य सरकार पहले ही मरीज के साथ मारपीट के मामले में डॉ. राघव निरुला को सेवा से बर्खास्त कर चुकी है। इसी फैसले के विरोध में प्रदेशभर के रेजिडेंट डॉक्टरों ने तीन दिन तक हड़ताल की थी। डॉक्टरों ने डॉ. राघव की बहाली और अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था की मांग की थी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के हस्तक्षेप और नई जांच के आश्वासन के बाद रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने रविवार को हड़ताल समाप्त कर दी थी। सोमवार को रिज मैदान पर मनरेगा विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया था कि आईजीएमसी मारपीट मामले में सरकार नए सिरे से जांच कराएगी। इसके बाद देर शाम राज्य सचिवालय में स्वास्थ्य विभाग की बैठक हुई, जिसमें नई जांच कमेटी गठित करने और डॉक्टरों को सुरक्षा मुहैया कराने के निर्देश दिए गए। अब मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सरकार डॉ. राघव निरुला के टर्मिनेशन ऑर्डर को रद्द करेगी।
🔹 क्या है IGMC मारपीट मामला?
इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग में सीनियर रेजिडेंट डॉ. राघव निरुला और मरीज अर्जुन सिंह पंवर के बीच विवाद हुआ था। तू तड़ाक में बातचीत के बाद मामला मारपीट तक जा पहुंचा। इस दौरान डॉ. राघव ने बेड पर लेटे मरीज अर्जुन पर मुक्के बरसाए, जिससे उनके मुंह से खून भी निकला था। हालांकि, इस दौरान अर्जुन ने भी डॉक्टर को लातें मारी थीं। वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया था। शाम को मरीज के परिजनों रिश्तेदारों ने विभाग के बाहर प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की। उसके बाद विभाग ने डॉक्टर को सस्पेंड कर दिया। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई। कमेटी की रिपोर्ट पर राज्य सरकार ने डॉक्टर राघव को नौकरी से बर्खास्त कर दिया।
