एआरबी टाइम्स ब्यूरो
बिलासपुर। बहरीन में भारत के राजदूत विनोद के. जैकब और वॉशिंगटन डी.सी. स्थित भारतीय दूतावास में उप मिशन प्रमुख नमग्या सी. खम्पा ने आज बिलासपुर का दौरा किया। दोनों वरिष्ठ राजनयिकों ने बचत भवन बिलासपुर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मुलाकात कर जिला में चल रही विकासात्मक योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त राहुल कुमार ने पारंपरिक हिमाचली टोपी, शॉल, मां नैना देवी जी की तस्वीर, चुनरी और प्रसाद भेंट कर दोनों अतिथियों का स्वागत किया।
नमग्या सी. खम्पा ने अधिकारियों से बातचीत करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश सहित बिलासपुर जिला में उनका आगमन उनकी प्रशिक्षण प्रक्रिया का एक हिस्सा है। साथ ही, जिस देश में वह बतौर राजनयिक कार्यरत हैं, वहां के देश में सहयोग, कार्य तथा संवाद को बढ़ावा देना भी उनका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा तीन टी-ट्रेड, टेक्नालाॅजी और टूरिज्म के माध्यम से लोगों को जोड़ने पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकतर विभाग देश व प्रदेश की जरूरतों व उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रहे हैं, लेकिन अब उन्हें वर्तमान वैश्विक जरूरतों एवं चुनौतियों को केंद्रित करते हुए कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वह भारत के राजनयिक के रूप में हर संभव सहयोग प्रदान करने का प्रयास करेंगे।
वहीं, बहरीन में भारत के राजदूत विनोद के. जैकब ने तीन मुख्य बिंदुओं पर बात करते हुए कहा कि बहरीन की कुल आबादी में से लगभग 25 प्रतिशत भारतीय हैं, जिनमें से हिमाचल प्रदेश के लगभग एक से दो हजार लोग वहां कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि इन लोगों के साथ हिमाचल प्रदेश में काम करने की इच्छाओं पर बातचीत की जाएगी ताकि वह प्रदेश के विकास में अपना सहयोग प्रदान कर सकें। प्रदेश में मत्स्य उद्योग के विकास की बात करते हुए कहा कि बहरीन में मत्स्य उद्योग में कई बड़े निजी उद्यम कार्यरत हैं, जिन्हें हिमाचल प्रदेश के मत्स्य उद्योग से जोड़ने के भी प्रयास किये जाएंगे। इसके अतिरिक्त, हिमाचल प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र विकास में भी अनेक संभावनाएं मौजूद हैं। इस दिशा में भी बहरीन में कार्यरत लोगों को हिमाचल प्रदेश के पर्यटन उद्योग से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों जैसे पर्यटन, मत्स्य, उद्योग, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, कृषि और बागवानी से संबंधित अधिकारियों ने वर्तमान योजनाओं और प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उपायुक्त राहुल कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, निदेशक मत्स्य विवेक चंदेल, सहायक आयुक्त नरेन्द्र अहलुवालिया सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
