एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
भारतीय नौसेना की पश्चिमी कमान के तहत नेवल डॉकयार्ड मुंबई से 37 सदस्यों की टीम एक विशेष कार रैली लेकर पूरे देश के युवाओं को नौसेना के विभिन्न अंगों में भर्ती के लिए प्रोत्साहित करने निकली है। यह रैली लगभग 5000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए युवा छात्रों को सैन्य करियर के प्रति प्रेरित कर रही है। इसी क्रम में कमोडोर अंकित सूद के नेतृत्व में यह दल रामपुर पहुंचा, जहां टीम ने स्थानीय युवाओं को भारतीय नौसेना में उपलब्ध करियर अवसरों, प्रशिक्षण सुविधाओं और भविष्य की संभावनाओं पर मार्गदर्शन दिया।

हिमाचल प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों में नौसेना के आउटरीच कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए टीम ने पदम सीनियर सेकंडरी स्कूल और कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल का दौरा किया। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को नौसेना में शामिल होने के विभिन्न प्रवेश मार्गों, परीक्षाओं और करियर संभावनाओं के बारे में जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान भारतीय नौसेना की आधिकारिक फ़िल्म प्रदर्शित की गई, जिसमें नौसेना की भूमिकाओं, जिम्मेदारियों, अनुशासन और जीवनशैली का प्रेरक परिचय दिया गया। यह प्रस्तुति छात्रों के लिए अत्यंत उत्साहजनक रही और उन्होंने नौसेना के जज़्बे को करीब से समझा।
इस आउटरीच में विशेष रूप से बालिकाओं के लिए उपलब्ध महिला प्रविष्टि योजनाओं पर भी प्रकाश डाला गया, जिससे छात्राओं में नौसेना में करियर बनाने की नई उम्मीद जगी। कार्यक्रम का समापन नौसेना टीम की ओर से धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ, जिसमें विद्यालय प्रशासन को छात्रों से संवाद का अवसर देने के लिए आभार व्यक्त किया गया।
