एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। भारतीय ओवरसीज़ कांग्रेस (आईओसी) यूके के अध्यक्ष कमल धालीवाल, उपाध्यक्ष गुरमिंद्र रंधावा और उनकी टीम ने बुधवार सायं लंदन में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और पहलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार के सुधारात्मक प्रयासों के चलते हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान से उछलकर पांचवें स्थान पर आ पहुंचा है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की जनता जलवायु परिवर्तन के गंभीर दुष्प्रभावों का सामना कर रही है, जिसे कम करने के लिए सरकार ने अनेक ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आपदा प्रभावित परिवारों की सहायता सरकार अपने सीमित संसाधनों से कर रही है।
आईओसी यूके के अध्यक्ष कमल धालीवाल ने राज्य सरकार की दूरदर्शी नीतियों और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि यह सोच अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा है।
इस अवसर पर विधायक एवं मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर, आईओसी यूके के महासचिव विक्रम दुहान, संदीप सोनी, मुहम्मद खलीलउल्लाह, यश सोलंकी, रूपेन्द्र गिल और पम्मी चीमा भी उपस्थित रहे।
