एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज किन्नौर जिला के रिकांग पिओ स्थित एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना (आई.टी.डी.पी) भवन के सम्मेलन कक्ष में जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान उन्होंने जनता से प्राप्त विभिन्न शिकायतों के शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री ने किन्नौर जिले में संपर्क मार्गों के निर्माण कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने हिमाचल पथ परिवहन निगम को मूरंग–हरिद्वार बस मार्ग को नियमित रूप से संचालित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बस सेवाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभागों में रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जाएगा। साथ ही लाडा (LADA) के तहत संचालित विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
बैठक में जानकारी दी गई कि रूपी वैली में लो-वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए ट्रांसफॉर्मरों का स्तरोन्नयन किया जाएगा। वहीं सांगला वैली में नदी एवं खड्डों के तटीकरण कार्य के तहत सुरक्षा दीवारों का निर्माण शीघ्र पूर्ण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नागरिक अस्पताल चांगो में स्वास्थ्य कर्मियों के रिक्त पदों को भरने, पूह उपमंडल में पेयजल समस्या के समाधान तथा कोठी ग्राम पंचायत में सोलर लाइट, सिंचाई एवं पेयजल व्यवस्था को सुचारु रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान आदेशक प्रथम वाहिनी होमगार्ड किन्नौर सुरेश चौहान ने मीडिया में आई खबरों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि अग्निशमन केंद्र रिकांग पिओ, भावानगर एवं सांगला में वाहनों के लिए डीजल/पेट्रोल की आपूर्ति बंद नहीं की गई है। किनफेड द्वारा नियमित रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है तथा विभाग द्वारा तेल के बिलों का भुगतान चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
बैठक की कार्यवाही का संचालन अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रवींद्र सिंह ठाकुर ने किया तथा मुख्य अतिथि के समक्ष विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा, वन मंडलाधिकारी अरविंद कुमार, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गैर सरकारी सदस्य, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
