एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने किन्नौर जिला के निचार उपमंडल की ग्राम पंचायत युला का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने 52 लाख रुपये की लागत से निर्मित पंचायत भवन युला का विधिवत लोकार्पण किया।
कैबिनेट मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और सभी उचित मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि सेब बागवानों के हित में टेलीस्कोपिक कार्टन हटाकर यूनिवर्सल कार्टन लागू किया गया है, जिससे सीमांत बागवानों को सीधा लाभ मिला है। साथ ही मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में आपदा राहत मैन्युअल में बदलाव कर क्षतिग्रस्त मकानों की सहायता राशि 1.30 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये तथा आंशिक क्षति के लिए 6 हजार से बढ़ाकर 1 लाख रुपये की गई है।
स्थानीय पंचायत प्रधान अंजू नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए क्षेत्र की समस्याओं को उनके समक्ष रखा। मंत्री ने युला के लिए सड़क निर्माण एवं बौद्ध मंदिर परिसर के विकास हेतु धनराशि प्रदान करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी निचार नारायण सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
