एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि प्रदेश सरकार करूणामूलक आधार पर रोजगार प्रदान करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी कड़ी में जल शक्ति विभाग में करूणामूलक आधार पर कुल 419 नियुक्तियां प्रदान की गई हैं। इन नियुक्तियों में श्रेणी-तीन के 100 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) तथा 319 मल्टी-टास्क वर्कर के पद शामिल हैं। इस संबंध में सचिव जल शक्ति द्वारा इंजीनियर-इन-चीफ को आवश्यक पत्र जारी कर दिए गए हैं।
उप-मुख्यमंत्री ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा के दौरान अपने परिवार के सदस्य को खोने वाले कर्मचारियों के आश्रितों को सरकारी नौकरी देकर सरकार संवेदनशील और सहानुभूतिपूर्ण दृष्टिकोण अपना रही है। इससे प्रभावित परिवारों को दीर्घकालीन आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य की सेवा करने वाले कर्मचारियों के आश्रितों को सम्मानजनक आजीविका के अवसर प्रदान करना सरकार की प्रतिबद्धता है। यह कदम मुख्यमंत्री सुक्खू की दूरदर्शी सोच और व्यापक प्रयासों का प्रत्यक्ष प्रमाण है। अग्निहोत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने पिछली भाजपा सरकार द्वारा लंबित रखे गए करूणामूलक नियुक्तियों के मामलों के बैकलॉग को समाप्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाया है। वर्षों से प्रतीक्षा कर रहे आवेदकों को अब रोजगार का अवसर मिला है।
इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार द्वारा शिक्षा विभाग में 127, गृह विभाग में 74 तथा अभियोजन विभाग में एक करूणामूलक नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का विज़न केवल रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्व कर्मचारियों के योगदान का सम्मान करते हुए उनके परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करना भी है।
