एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। पूह उपमंडल की ग्राम पंचायत ठंगी में 25 सितंबर को एक दिवसीय संयुक्त जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर पंचायत घर के समीप प्रातः 11:00 बजे शुरू होगा। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को बागवानी, कृषि, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, राज्य सहकारी बैंक, नाबार्ड और पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी देना है।
उद्यान विभाग पूह के विषय विशेषज्ञ डॉ. देव राज कायथ ने जानकारी दी कि इस शिविर में किसानों को नवीन और आधुनिक बागवानी तकनीकों से अवगत कराया जाएगा जिससे वे अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर सकें। इसके अतिरिक्त, ग्रामीणों को राज्य सरकार की समावेशी योजनाओं जैसे वित्तीय अनुदान, प्रशिक्षण और महिला सशक्तिकरण से संबंधित जानकारियाँ दी जाएँगी।
यह शिविर विशेष रूप से उन लोगों के लिए उपयोगी रहेगा जो सरकारी योजनाओं से लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाना चाहते हैं।