एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। राजस्व मंत्री एवं कैबिनेट सदस्य जगत सिंह नेगी जनजातीय जिला किन्नौर के बागवानों और किसानों की नकदी फसलों को समय पर फल मंडियों तक पहुंचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं। इसी कड़ी में वे लगातार तीसरे दिन निगुलसरी ब्लॉक प्वाइंट पर मौजूद रहकर स्वयं वाहनों की आवाजाही की निगरानी कर रहे हैं और रास्ता पार करवाने में सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के चलते ब्लॉक प्वाइंट पर दलदल और मिट्टी धंसने जैसी गंभीर चुनौतियां सामने आ रही हैं। इसके बावजूद मशीनरी और श्रमिकों के अथक प्रयासों से मार्ग को बार-बार बहाल किया जा रहा है ताकि वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि तमाम कठिनाइयों के बावजूद हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि किसानों और बागवानों की उपज शीघ्र ही बाजारों तक पहुंच सके।
इस दौरान मंत्री ने निगुलसरी स्लाइडिंग प्वाइंट पर कार्य कर रहे श्रमिकों, मशीन ऑपरेटरों और राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों का मनोबल बढ़ाया। साथ ही उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया ताकि प्रभावित स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी, जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, किनफेड अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, पुलिस अधीक्षक किन्नौर अभिषेक शेखर, उपमंडल अधिकारी निचार नारायण सिंह चौहान, पुलिस उप अधीक्षक भावानगर राजकुमार सहित राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
