एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। जनजातीय जिला किन्नौर के रिकांग पिओ स्थित आई.टी.डी.पी भवन में आदि कर्मयोगी अभियान के तहत कल्पा विकास खंड के लिए दो दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता परियोजना अधिकारी घनश्याम दास ने की।
परियोजना अधिकारी घनश्याम दास ने बताया कि आदि कर्मयोगी अभियान का मुख्य उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों के हर व्यक्ति को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि जनजातीय समाज का समग्र विकास हो सके। साथ ही इस अभियान के जरिए स्थानीय नेतृत्व क्षमता विकसित कर आधुनिक सोच के जनजातीय युवा नेताओं का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज को सशक्त बनाने के लिए मजबूत नेतृत्व आवश्यक है, जिससे समग्र और समावेशी विकास को गति मिल सके। आदि कर्मयोगी संस्था सेवा, समर्पण, संकल्प, सामुदायिक भागीदारी और संसाधनों के उचित उपयोग के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार के विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करती है।
कार्यशाला में यह भी बताया गया कि जिले के 69 गांवों में आदि सेवा केंद्र खोले जाएंगे, जो लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ प्रदान करेंगे। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा-वर्कर और पंचायत जन प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यशाला में खंड विकास अधिकारी कल्पा विनय नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अतुल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
