एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर। कृषि विभाग के आत्मा परियोजना द्वारा ग्राम पंचायत लालसा में एक दिवसीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रधान मोहन लाल, उपप्रधान तुला राम, वार्ड सदस्यों समेत क्षेत्र के सैकड़ों किसान उत्साहपूर्वक शामिल हुए। गोष्ठी में कृषि विभाग, उद्यान विभाग और पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया और किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, सुविधाओं व आधुनिक तकनीकों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कृषि विभाग से कृषि प्रसार अधिकारी पीरू राम, सहायक तकनीकी प्रबंधक शिवम वालिया, अनु नेगी, उद्यान विभाग से बागवानी विकास अधिकारी डॉ. प्रवीन मेहता तथा पशुपालन विभाग से डॉ. छवि शर्मा और फार्मासिस्ट विजय कैथ ने किसानों के साथ संवाद स्थापित किया। उन्होंने मौसम आधारित फसल प्रबंधन, प्राकृतिक खेती, नवीन तकनीकों, बागवानी विस्तार कार्यक्रमों और सब्सिडी योजनाओं के बारे में मार्गदर्शन दिया। गोष्ठी के दौरान किसानों की समस्याओं को सुना गया और समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में किसानों को मटर का बीज वितरित किया गया।
अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें और वैज्ञानिक पद्धति से खेती अपनाकर अपनी आय में वृद्धि करें। कृषि विभाग रामपुर की यह पहल किसानों को जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।





