एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
गुशैनी विद्यालय, कुल्लू को क्रयाश चैरिटेबल ट्रस्ट, सुंदरनगर, मंडी एवं फॉर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, चंडीगढ़ के सहयोग से शैक्षणिक सामग्री भेंट की गई। मानसून में भारी वर्षा के कारण विद्यालय भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, और वर्तमान में कक्षाएं अस्थायी रूप से सरकारी प्राथमिक विद्यालय भवन तथा एक निजी भवन में संचालित की जा रही हैं।
एसडीएम बंजार पंकज शर्मा ने बताया कि छात्रों की सुविधा के लिए ट्रस्ट ने लगभग ₹80,000 मूल्य की सामग्री उपलब्ध करवाई है। इसमें 200 गद्देदार मैट, कार्यालय के लिए प्रिंटर, 2 वाटर फिल्टर, 6 ब्लैकबोर्ड, 6 डस्टर, 5 चाक बॉक्स, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए 30 पुस्तकें, 20 रेनकोट आदि शामिल हैं। एसडीएम ने ट्रस्ट के सदस्यों का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस क्षेत्र के अन्य क्षतिग्रस्त विद्यालयों में भी गैर-सरकारी संस्थाओं के सहयोग से आवश्यक सामग्री चरणबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।
क्रयाश चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. धर्मेश शर्मा ने बताया कि संस्था ने वर्ष 2023 में क्रयाश बुक बैंक पहल शुरू की थी, जिसका उद्देश्य वंचित विद्यार्थियों को शिक्षा में सहायता प्रदान करना है। ये पुस्तकें विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी हैं जो 10वीं और 12वीं के बाद पॉलिटेक्निक, कॉन्स्टेबल, CISF, सेना अग्निवीर, पटवारी और फॉरेस्ट गार्ड जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद ट्रस्ट लगातार योगदान देने का प्रयास कर रहा है और आपदा के बाद छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और करियर मार्गदर्शन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। विद्यालय के प्रधानाचार्य कर्म लाल शर्मा और प्रकाश दीपक ने एसडीएम और ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया।
