एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
राजकीय महाविद्यालय कुल्लू के पर्यटन विभाग ने लीडरशिप डेवलपमेंट कैंप (LDC) का सफल आयोजन किया। इस कैंप में 49 विद्यार्थियों और 3 प्राध्यापकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यटन विभाग के अध्यक्ष डॉ हीरामणि ने किया। उन्होंने बताया कि यह कैंप मास्टर्स इन टूरिज्म (MTA) और बीए टूरिज्म के सिलेबस से संबंधित है और इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक, शारीरिक और मनोवैज्ञानिक रूप से परिपक्व बनाना है।
कैंप में विद्यार्थियों ने ट्रैकिंग, रिवर क्रॉसिंग, कैंपिंग, मैप रीडिंग, साहसिक पर्यटन इक्विपमेंट की जानकारी और हाई अल्टीट्यूड सिकनेस जैसे विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस बार का मुख्य बेस कैंप जिस्पा में स्थापित किया गया।
पहले दिन विद्यार्थियों ने टेंट पिचिंग और मैप रीडिंग का प्रशिक्षण लिया। दूसरे दिन उन्होंने शिको-ला पास (16,580 फीट) पार कर गोनबो रंगोंन का भ्रमण किया और रामजक पीक, मूलकिला पीक, KR पीक ग्रुप, पालमो और समदो जैसे प्रमुख स्थलों का अवलोकन किया। तीसरे दिन विद्यार्थियों ने बारालाचा पास (16,040 फीट), सूरजताल और दीपकताल का भ्रमण किया और आसपास के पर्वतों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
कुल्लू महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ राकेश राणा ने कहा कि ऐसे कैंप बच्चों में सकारात्मक सोच और विपरीत परिस्थितियों से निपटने की क्षमता विकसित करने में सहायक होते हैं। इस कैंप में दिनेश कुमार और कुमारी शीला भी उपस्थित रहे।
