एआरबी टाइम्स ब्यूरो
कुल्लू, 20 अगस्त — उपायुक्त कुल्लू, तोरुल एस. रवीश ने बहुद्देशीय भवन में अंतर विभागीय समन्वय बैठक की अध्यक्षता करते हुए हाल ही में हुई भारी वर्षा और बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा की। इस बैठक में सड़कों, पुलों, पेयजल योजनाओं, बिजली आपूर्ति और मोबाइल नेटवर्क जैसी आवश्यक सेवाओं पर पड़ी आपदा की स्थिति का मूल्यांकन किया गया।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि अवरुद्ध संपर्क सड़कों, क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं और बाधित बिजली आपूर्ति को शीघ्र बहाल किया जाए। उन्होंने NH-305 की स्थिति की समीक्षा कर सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि सेब और आवश्यक वस्तुओं से भरे वाहनों को प्राथमिकता दी जाए ताकि किसानों को न्यूनतम नुकसान हो।
बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के बावजूद विकास कार्यों की गति बनी रहनी चाहिए।
“समृद्ध हिमाचल-2045” अभियान को मिला प्रोत्साहन
उपायुक्त ने “समृद्ध हिमाचल-2045” अभियान के तहत अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने अनुभव, उम्मीदें और ज़मीनी सफलताओं को साझा करें ताकि हिमाचल प्रदेश के भविष्य को सामूहिक दृष्टिकोण से बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संस्थाओं से भी भागीदारी का आग्रह किया।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार, एसडीएम मनाली रमन शर्मा, सहायक आयुक्त जयवंती ठाकुर, जिला राजस्व अधिकारी गणेश समेत अन्य एसडीएम और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
