एआरबी टाइम्स ब्यूरो
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। सड़कें, बिजली-पानी की योजनाएं और आवश्यक सेवाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। इस गंभीर स्थिति की समीक्षा के लिए उपायुक्त तोरुल एस. रवीश ने संबंधित विभागों, उपमंडल अधिकारियों तथा हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट्स के प्रतिनिधियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की।

राहत कार्यों की समीक्षा
बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों से उनके विभागों को हुए नुकसान और बहाली कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी मानसून की गंभीरता को देखते हुए पूरी तरह सतर्क रहें और किसी भी दुर्घटना या घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करें। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि हर सूचना जिला प्रशासन के साथ साझा की जाए।
हाइड्रो प्रोजेक्ट्स और बांधों को निर्देश
उपायुक्त ने सभी हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट्स को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि उनके सैटेलाइट फोन कार्यशील स्थिति में हों, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) को दी जा सके। बांध प्रबंधन अधिकारियों को भी सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन और पानी छोड़ने से पहले पूर्व सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य आपूर्ति और जमाखोरी पर निगरानी
जिला के दूरदराज़ क्षेत्रों में खाद्य आपूर्ति की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को सभी डिपो में अग्रिम राशन भंडारण और जमाखोरी पर सख्त निगरानी के आदेश दिए गए हैं।
जनता से अपील: सतर्क रहें, अनावश्यक यात्रा न करें
उपायुक्त ने आम जनता से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और अपने घरों में सुरक्षित रहें। किसी भी आपात स्थिति में टोल-फ्री नंबर 1077 या 01902-225630/31/32 पर तुरंत सूचित करें।
मुख्यमंत्री ने जताई चिंता
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। ब्यास नदी समेत अन्य नदियां उफान पर हैं और कई स्थानों से भूस्खलन और तबाही की खबरें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है और कई ज़िलों में स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और नदी-नालों के पास कदापि न जाएं। सरकार और प्रशासन पूरी तत्परता से राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।
