एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
हिमाचल किसान सभा लुहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रभावित कमेटी की बैठक आज भद्राश में आयोजित हुई। बैठक में प्रोजेक्ट प्रभावित किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई और यह निर्णय लिया गया कि 26 नवंबर को निरमंड, रामपुर और कुमारसैन में प्रदर्शन आयोजित कर सरकार और निगम प्रबंधन का ध्यान इन मुद्दों की ओर आकर्षित किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए किसान सभा राज्य महासचिव राकेश सिंहा और लुहरी हाइड्रो प्रभावित कमेटी के महासचिव देवकी नंद ने कहा कि इस परियोजना के निर्माण के समय प्रभावित पंचायतों के किसानों को जो उम्मीदें दिलाई गई थीं, उन पर परियोजना और सरकार खरी नहीं उतर पाई है।
उन्होंने बताया कि आज भी 128 प्रभावित परिवार ऐसे हैं, जिन्हें न तो एकमुश्त मुआवजा मिला है और न ही रोजगार उपलब्ध कराया गया है। धूल से फसलों की हुई क्षति का मुआवजा केवल देलठ, नीरथ और फाटी निथर पंचायतों में वर्ष 2021-22 के लिए ही दिया गया है, जबकि अन्य वर्षों और पंचायतों का मुआवजा अभी तक लंबित है।
इसी प्रकार ब्लास्टिंग से मकानों में आई दरारों का मुआवजा भी केवल देलठ, शामथला और नीरथ पंचायत में ही दिया गया है। कई बार समस्याओं को सरकार और प्रशासन के समक्ष उठाए जाने के बावजूद अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तीव्र किया जाएगा।
बैठक में कृष्णा राणा, प्रेम चौहान, रणजीत, हरदयाल कपूर, रिचा, कमलेश, चंपा, हीरा देवी, रेखा, अशोक, काकू कश्यप, जोगिंदर, डोला राम, कृष्ण, चमन, देवेंद्र, ऋषि, नरेश, वीरेंद्र सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
