एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-1 ने दिनांक 30 सितंबर को नीरथ बाजार में “स्वच्छता ही सेवा–2025” के तहत एक सफल स्वच्छता अभियान आयोजित किया। इस स्वच्छता अभियान में परियोजना के कर्मचारी, उप प्रधान ग्राम पंचायत नीरथ, महिला मंडल-1 एवं महिला मंडल-2 नीरथ, युवक मंडल नीरथ तथा व्यापार मंडल नीरथ के पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रूप से शामिल हुए।
यह कार्यक्रम भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय और एसजेवीएन निगम मुख्यालय, शिमला के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराना और पर्यावरण को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना था।
अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने नीरथ बाजार एवं आस-पास के क्षेत्रों की सफाई की और “प्लास्टिक मुक्त भारत” की दिशा में योगदान देने का संकल्प लिया। परियोजना प्रमुख श्री विवेक शर्मा जी के नेतृत्व में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
मानव संसाधन विभागाध्यक्ष धीरज गुप्ता ने कहा, “स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली और जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए।” इस स्वच्छता अभियान में कुल 56 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
अंत में परियोजना अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायत, महिला मंडलों, युवक मंडल और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों प्रेम सिंह चौहान (उप प्रधान), रजनी (प्रधान, महिला मंडल-1), फूला (प्रधान, महिला मंडल-2), प्रिंस शर्मा (प्रधान, युवक मंडल) और परमिंदर शर्मा (प्रधान, व्यापार मंडल) का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।
