एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
प्रदेश शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि नंदपुर पंचायत के अंतर्गत मलोग-पानसरी-बदियार सड़क 7.50 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाएगी, जिसके वित्तपोषण हेतु प्रस्ताव नाबार्ड को भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। शिक्षा मंत्री आज नंदपुर पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने 33 लाख रुपये की लागत से बने पंचायत भवन और 22 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन भवनों से पंचायत स्तर पर जनकल्याण कार्यों को गति मिलेगी और ग्रामीणों को सुविधा होगी। रोहित ठाकुर ने बताया कि जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत और बागवानी जैसी मूलभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार किया जा रहा है।
डकैढ़ में बनेगा 17 करोड़ का शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान
उन्होंने बताया कि जुब्बल के डकैढ़ गांव में 17 करोड़ रुपये की लागत से शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान बनाया जा रहा है। साथ ही प्रदेश में दो नए केंद्रीय विद्यालयों की स्वीकृति मिली है, जिनमें से एक कोटखाई में स्थापित किया जाएगा।
38 करोड़ से उठाऊ पेयजल योजना, 55 करोड़ से बिजली सुधार कार्य
शिक्षा मंत्री ने बताया कि पब्बर नदी से उठाऊ पेयजल योजना पर 38 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिसका कार्य इस वित्तीय वर्ष के अंत तक पूरा हो जाएगा। इसके अलावा जुब्बल मंडल में 55 करोड़ रुपये से बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है।
इस अवसर पर ज़िला परिषद सदस्य कौशल मुंगटा, हिमफेड निदेशक भीम सिंह झौटा, पूर्व ज़िला परिषद सदस्य मोतीलाल सिथटा, प्रधान सुमन ठाकुर, बीडीसी सदस्य समीला जीकटा, बीडीओ करण ठाकुर, एसएचओ चेतन चौहान सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
