Mandi: मंडी जिला की सभी 555 पंचायतों में नशा निवारण समितियों की बैठकें, उपायुक्त ने नशामुक्ति में सहयोग का किया आह्वान

एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि मंडी जिला की सभी 555 ग्राम पंचायतों में नशा निवारण समितियों की बैठकें सफलतापूर्वक आयोजित की गई हैं। इन बैठकों का आयोजन मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पहल पर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान के अंतर्गत किया गया, जिसका उद्देश्य ग्राम स्तर पर समन्वय स्थापित कर नशामुक्ति की दिशा में ठोस कदम उठाना है।

उपायुक्त ने बताया कि इन बैठकों का आयोजन जिला में तीन चरणों में किया गया। पहले चरण में 15 दिसंबर को जिला की 24 अति संवेदनशील ग्राम पंचायतों में स्थानीय पाठशालाओं के सहयोग से बैठकें आयोजित की गईं। इन पंचायतों में संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों की अध्यक्षता में नशा निवारण समितियों का गठन किया गया।

दूसरे और तीसरे चरण में 22 दिसंबर तथा 24 दिसंबर 2025 को शेष सभी ग्राम पंचायतों में बैठकें आयोजित की गईं। इन पंचायतों में पंचायत प्रधान की अध्यक्षता में समितियों का गठन किया गया, जिसमें पंचायत सचिव को सदस्य सचिव बनाया गया। इसके अलावा सभी वार्ड सदस्य, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला मंडल, युवक मंडल तथा स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों को समिति का सदस्य बनाया गया।

बैठकों में ग्राम पंचायत क्षेत्रों में नशा विरोधी अभियान चलाने, मादक पदार्थों के दुरुपयोग की स्थानीय स्थिति का आकलन करने तथा चिट्टा एवं अन्य नशीले पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों पर निगरानी रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। तस्करों, उपभोक्ताओं एवं नशे के आदी व्यक्तियों की पहचान कर उनसे संबंधित गोपनीय जानकारी स्थानीय पुलिस एवं अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ साझा करने पर भी बल दिया गया।

इसके अतिरिक्त विद्यालयों, समुदायों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी। बैठकों में कहा गया कि नशे की समस्या अत्यंत गंभीर है और इससे निपटने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने होंगे, ताकि विशेषकर युवाओं को इस सामाजिक बुराई से दूर रखा जा सके।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने जिला वासियों से आह्वान किया कि वे एंटी चिट्टा अभियान के तहत अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें और नशे के खिलाफ इस लड़ाई में प्रशासन का सहयोग कर समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान दें।

Leave a Comment