एआरबी टाइम्स ब्यूरो
मंडी। मंडी जिले में राष्ट्रीय पोषण माह 2025 का शुभारंभ सुंदरनगर स्थित किसान प्रशिक्षण केंद्र में किया गया। जिला स्तरीय समारोह की अध्यक्षता उपायुक्त अपूर्व देवगन ने की। कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया गया जिसमें अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय बदरेल, बाल विकास परियोजना अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर उपायुक्त ने पोषणयुक्त व्यंजनों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और सभी को “सही पोषण, देश रोशन” की शपथ दिलाई। स्वास्थ्य विभाग और आयुष विभाग के विशेषज्ञों ने शिशु आहार, मातृ पोषण और संतुलित जीवनशैली पर व्याख्यान भी दिए।
अपूर्व देवगन ने कहा कि पोषण माह सिर्फ खानपान तक सीमित नहीं है, यह एक समग्र सामाजिक आंदोलन है जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और महिला सशक्तिकरण भी शामिल है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आपदा के समय किए गए योगदान की भी सराहना की।
उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे चिकित्सकीय सलाह के अनुसार संतुलित और घर का बना भोजन अपनाएं और बच्चों व महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान दें।
विशेष गतिविधियां 16 अक्टूबर तक
जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय बदरेल ने बताया कि पोषण माह के अंतर्गत 16 अक्टूबर तक रोज़ाना पंचायत और वृत स्तर पर पोषण चौपाल, रेसिपी प्रतियोगिता, योग सत्र, बीएमआई जांच, अभिभावक-शिक्षक बैठकें, स्थानीय व्यंजन प्रदर्शन, पर्यावरण संरक्षण प्रतिज्ञा, और जंक फूड पर रोकथाम जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।
सभी गतिविधियों की रिपोर्टिंग नियमित रूप से पोर्टल और डैशबोर्ड पर अपलोड की जाएगी।
उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान
समारोह में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया:
प्रथम पुरस्कार: गोहर के परियोजना अधिकारी बिहारी लाल
द्वितीय पुरस्कार: मंडी सदर परियोजना अधिकारी जितेंद्र सैनी
तृतीय पुरस्कार: रिवालसर परियोजना अधिकारी वंदना शर्मा
वृत स्तर पर सम्मानित कार्यकर्ता:
प्रथम: कृष्णा देवी (गागल)
द्वितीय: निर्मला देवी (सयांज)
तृतीय: सुधा शर्मा (चौंतड़ा)
रंगोली प्रतियोगिता विजेता:
प्रथम: वृत सुंदरनगर शहरी
द्वितीय: वृत बड़याल
तृतीय: वृत गोहर