एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण रामपुर उपमंडल के 12/20 क्षेत्र की स्थिति दिनोंदिन गंभीर होती जा रही है। सोमवार देर रात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तकलेच के समीप पहाड़ी से भारी-भरकम चट्टानों के गिरने से यह पूरा क्षेत्र देश-दुनिया से पूरी तरह कट गया है। पहले से ही सेरी पुल के पास सड़क पिछले तीन सप्ताह से अवरुद्ध थी और अब तकलेच के पास भी मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है। वहीं तकलेच के खोल्टी नाने में जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों की दिक्कतें बहुत अधिक बढ़ गई है।
इस आपदा के चलते प्रभावित पंचायतों की संख्या भी बढ़ गई है। पहले जहां देवठी, मुनीष बाहली, कूहल और काशापाट प्रभावित थीं, अब दरकाली और तकलेच के सेरी मझाली गांव भी इसकी चपेट में आ गए हैं।
विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप
भूस्खलन से न सिर्फ सड़कें बंद हुई हैं, बल्कि कई स्थानों पर विद्युत पोल भी टूट गए हैं, जिससे संपूर्ण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। लोग रात से ही अंधेरे में रहने को मजबूर हैं और आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
प्रशासन ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश
स्थानीय प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को मार्ग बहाली और विद्युत आपूर्ति पुनः शुरू करने के निर्देश दिए हैं। सड़क की सफाई और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने का कार्य जारी है। अब तक किसी प्रकार की जान-माल की क्षति की सूचना नहीं मिली है, जो कि राहत की बात है।
एसडीएम की अपील: क्षतिग्रस्त क्षेत्रों से दूर रहें
एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे क्षतिग्रस्त और भूस्खलन संभावित इलाकों की ओर अनावश्यक रूप से न जाएं और सतर्कता बरतें। उन्होंने वहां रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह भी दी है।
कई मार्ग बंद, परिवहन पूरी तरह बाधित
रामपुर व ननखड़ी क्षेत्र में भारी बारिश के कारण निम्नलिखित प्रमुख मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हैं:
टिक्कर-खोलीघाट-ननखड़ी-खमाड़ी मार्ग, खोलीघाट-रामपुर मार्ग, रामपुर-करांगला, रामपुर-पांडा धार, ननखड़ी-कांडलू चौकी, शोली-बडोग, सरपारा, शोली-रामपुर, मझोली-कलेड़ा, तकलेच-बाहली, तकलेच-देवठी, रामपुर-सुंगरी, तकलेच-दरकाली, रनपू मार्ग, शमकोर-जघोरी, गानवी-क्याओ, कूट, मशनू, कुमसू आदि। इन मार्गों के बाधित होने से हजारों ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।