एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एचपीपीएससी) ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा की संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। मंगलवार देर शाम जारी किए गए इस परिणाम में मेघा सिंह कंवर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर एचएएस परीक्षा में टॉप किया है। आयोग की ओर से एचएएस के दो पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की गई थी, हालांकि इनमें से एक पद रिक्त रह गया है। इस परिणाम के साथ ही राज्य को कई नए प्रशासनिक और पुलिस सेवा अधिकारी मिले हैं। हिमाचल प्रदेश पुलिस सेवा (एचपीएस) के तहत आंचल कुमारी और अभिषेक कपूर का चयन किया गया है। दोनों को पुलिस में अधिकारी पद पर नियुक्त किया जाएगा।
आठ बीडीओ और नौ तहसीलदार बने
संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के आठ पदों पर चयन किया गया है। इन पदों के लिए विकास वर्मा, सौरभ ठाकुर, रोहित चौहान, मनोज कुमार, मनीष राय, आस्था पवार, प्रतिमा मन्हास और भारतेंद्र सिंह को सफल घोषित किया गया है। ये अधिकारी राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संभालेंगे। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग में जिला नियंत्रक के दो पदों के लिए आंचल कुमारी और शीतल का चयन हुआ है। वहीं, राजस्व विभाग में तहसीलदार के नौ पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन किया गया है। इनमें अंकित शर्मा, लोकेंद्र पाल, अरुण कुमार सांख्यान, दिव्या ज्योति कटोच, अनुज शर्मा, मैत्री भारद्वाज, जीवन लाल, आकृति और आकाश शर्मा शामिल हैं। ये अधिकारी राजस्व प्रशासन, भूमि अभिलेख और जनसमस्याओं के निपटारे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
आठ उम्मीदवारों का सहायक आयुक्त के पद पर चयन
इसके अतिरिक्त कर एवं आबकारी विभाग में सहायक आयुक्त के आठ पदों पर चयन किया गया है। इन पदों के लिए इशान जमालटा, विक्रांत पांडे, अभिषेक शर्मा, नितेश कुमार, रोहित राणा, शिवम चौहान, रजनीश ठाकुर और अमन भारती को सफल घोषित किया गया है। आयोग के अनुसार, नियुक्ति से संबंधित आगे की प्रक्रिया विभागीय स्तर पर शीघ्र पूरी की जाएगी।

