एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल ने आज ननखड़ी तहसील के दूरदराज़ प्रभावित गांवों का दौरा कर आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और नुकसान का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने धाशा, करोली, चमाडा, खामाडी, डीम, आदर्शनगर बनाला, कुंगल, बाल्टी, शकरेला और दंशा गांवों का भ्रमण किया।
विधायक नंद लाल ने प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार द्वारा फौरी राहत राशि के साथ आवासीय भवनों, पशुधन, बागवानी और कृषि फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए विशेष आर्थिक सहायता और राहत पैकेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों और पेयजल योजनाओं का निरीक्षण करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि बहाली कार्यों को प्राथमिकता पर शीघ्र पूरा किया जाए। विधायक ने साफ कहा कि कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रभावित परिवारों को तिरपाल भी वितरित किए गए ताकि वे अस्थायी रूप से अपने आवास की सुरक्षा कर सकें।
ग्रामीणों ने सड़क अवरोध, पेयजल संकट, विद्युत आपूर्ति बाधा, बागवानी फसलों को नुकसान आदि समस्याएं उठाई, जिनका समाधान विधायक ने प्राथमिकता पर करने का आश्वासन दिया। उपमंडल अधिकारी रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रभावित परिवारों को फौरी राहत राशि दी जा चुकी है और जो परिवार सूची में छूट गए हैं, उन्हें भी जल्द राहत मिलेगी। इस अवसर पर सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
