एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 एवं स्वच्छ शहर-समृद्ध शहर कार्यक्रम के तहत बुधवार को नगर परिषद रामपुर में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा आमजन, स्वच्छता कर्मियों और नगर परिषद कर्मचारियों के बीच समन्वय स्थापित करना रहा।
समाधान शिविर की अध्यक्षता सहायक अभियंता अमित गौतम ने की। शिविर में नगर परिषद के विभिन्न विभागों के कर्मचारी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, सफाई कर्मचारियों के सुपरवाइजर एवं अन्य हितधारकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कुल 48 प्रतिभागी शिविर में उपस्थित रहे। शिविर के दौरान स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और कार्य से जुड़ी कठिनाइयों को लेकर कुल 8 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर ही समाधान कर दिया गया। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर समस्याओं को समझा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर सहायक अभियंता अमित गौतम ने बताया कि स्वच्छ शहर-समृद्ध शहर अभियान में नगर परिषद रामपुर ने प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने नागरिकों से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग देने की अपील की।
उन्होंने जानकारी दी कि 26 जनवरी से कचरा संग्रहण के लिए दिन निर्धारित किए गए हैं।
सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सूखा कचरा
मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को गीला कचरा लिया जाएगा
मिश्रित कचरा देने वालों पर डोर-टू-डोर कचरा संग्रह नियम-2018 के तहत मौके पर चालान कर जुर्माना वसूला जाएगा। होटल, चाय-ढाबे, दुकान और चाउमीन स्टॉल से कचरा प्रतिदिन अलग-अलग कूड़ेदानों में लिया जाएगा।
समाधान शिविर के माध्यम से नगर परिषद रामपुर ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के लक्ष्यों को प्राप्त करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने का संकल्प लिया।
