एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नन्द लाल ने बुधवार को 12/20 क्षेत्र के अंतर्गत आपदा प्रभावित लालसा गांव और कूहल पंचायत के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आपदा से हुई क्षति का जायज़ा लिया और प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाक़ात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
उन्होंने मौके पर ही 6 परिवारों को 5,000 रूपए की फौरी राहत राशि तथा 20 परिवारों को तिरपाल वितरित किए। नन्द लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा के इस कठिन समय में हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी के निर्देश
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नुकसान का शीघ्र मूल्यांकन कर राहत और मुआवज़ा तुरंत उपलब्ध कराया जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था की प्राथमिकता के आधार पर बहाली सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देश दिए ताकि सेब की फसल समय पर मंडियों तक पहुँचाई जा सके।
जल्द बहाल होंगे सड़क, बिजली और पेयजल आपूर्ति
उन्होंने बिजली, पेयजल आपूर्ति, संपर्क मार्गों की मरम्मत व बहाली कार्यों को भी तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार की आपदा राहत नीति के तहत मकान, फसल और संपत्ति को हुई क्षति के अनुसार निर्धारित दरों पर मुआवज़ा दिया जा रहा है।
खतरे में मकान छोड़ने की अपील
नन्द लाल ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि किसी भवन को अधिक क्षति पहुंची है, तो उसमें न रहें। ऐसे भवनों को खाली करें, और जिनके पास रहने के लिए वैकल्पिक स्थान नहीं है, उनके लिए सरकार विशेष व्यवस्था करेगी।

जनसमस्याओं की सुनवाई और समाधान
कूहल पंचायत घर में आयोजित जनसमस्या सुनवाई में कूहल, देवठी और मुनिश पंचायतों के प्रतिनिधियों ने सड़क बहाली, पेयजल आपूर्ति और अन्य स्थानीय समस्याएं उठाईं। नन्द लाल ने बताया कि मझाली तक सड़क खोल दी गई है और शेष मार्गों की बहाली के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दे दिए गए हैं।
प्रशासनिक अधिकारी भी रहे मौजूद
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी राजेंद्र नेगी, नायब तहसीलदार सुरेश नेगी, नायब तहसीलदार अनमोल शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता शक्ति नेगी, बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता कुकू शर्मा, बागवानी विभाग के डॉ. संजय के. चौहान सहित कृषि, जल शक्ति और वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
