एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
भारत में भू-प्रशासन में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्पेन रिसोर्ट, पतलीकूहल (मनाली) में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
राजस्व मंत्री ने बताया कि सम्मेलन का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में 15 राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी (डेलीगेट्स) भाग लेंगे। सम्मेलन के दौरान लैंड रिफॉर्म्स, भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण, भू-प्रशासन में पारदर्शिता, दक्षता तथा तकनीकी नवाचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा होगी। यह आयोजन हिमाचल प्रदेश राजस्व विभाग के भू-अभिलेख निदेशालय द्वारा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण पर उल्लेखनीय कार्य हुआ है। अन्य राज्यों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों से प्राप्त अनुभवों और सुझावों के आधार पर प्रदेश में भू-प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
इस अवसर पर मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़, निदेशक हिमाचल प्रदेश भू-अभिलेख अभिषेक वर्मा, उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस. रवीश सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
