एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
देश की सबसे बड़ी भूमिगत जल विद्युत परियोजना, एसजेवीएन के नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (एनजेएचपीएस) ने अपने डिज़ाइन ऊर्जा उत्पादन में एक उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। 29 नवंबर को एनजेएचपीएस ने 6612 मिलियन यूनिट डिज़ाइन ऊर्जा प्राप्त करते हुए अपनी दूसरी सबसे तेज़ डिज़ाइन ऊर्जा हासिल की। इस उपलब्धि के साथ स्टेशन ने 1 दिसंबर, 2024 को बने अपने पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

स्टेशन का अब तक का सबसे तेज़ डिज़ाइन ऊर्जा उत्पादन 19 नवंबर, 2011 को वार्षिक अधिकतम उत्पादन के दौरान प्राप्त हुआ था।
इस वर्ष यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड मात्र आठ महीनों के भीतर स्थापित हुआ है, जबकि वित्त वर्ष 2025–26 के अभी चार महीने शेष हैं। यह उपलब्धि एनजेएचपीएस की उत्कृष्ट संचालन प्रणाली, तकनीकी सामर्थ्य और उन्नत कार्यकुशलता का प्रमाण है। साथ ही यह दर्शाता है कि स्टेशन भविष्य में और भी उच्च उत्पादन स्तर प्राप्त करने की दिशा में अग्रसर है।
इस अवसर पर एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने टीम के असाधारण प्रदर्शन की सराहना करते हुए निरंतर उत्कृष्टता बनाए रखने का आह्वान किया। निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने भी इस उपलब्धि पर सभी को बधाई दी और इसे सुविचारित रणनीतियों व टीमवर्क का परिणाम बताया।
परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने इस सफलता के लिए एसजेवीएन प्रबंधन, विद्युत मंत्रालय, सीईए, हिमाचल सरकार तथा स्थानीय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने ओएंडएम, पावर हाउस और नाथपा टीम सहित सभी विभागों के सामूहिक प्रयास की प्रशंसा की और स्थानीय देवता श्री चंभू महाराज जी का विशेष धन्यवाद किया।
