एआरबी टाइम्स ब्यूरो
मंडी। सरकाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत जुकैण के मतेहड़ी गांव में रविवार रात करीब 10 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, बलबीर जी के पुराने मकान का एक हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे पूरा मकान क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के समय कमरे में एक बुजुर्ग महिला सो रही थीं जो मलबे की चपेट में आ गईं, लेकिन उन्हें केवल मामूली चोटें आईं। वहीं, मकान के ऊपरी हिस्से में मौजूद एक छोटी बच्ची पढ़ाई कर रही थी, जिसने समय रहते नीचे छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। अगर वह कुछ सेकंड भी देर करती, तो यह हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बताया गया कि मकान बहुत पुराना था और लगातार हो रही बारिश के कारण उसकी दीवारें काफी कमजोर हो गई थीं। ग्रामीणों ने प्रशासन से विस्थापित परिवार को आर्थिक सहायता देने और क्षतिग्रस्त मकान की जांच की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को राहत सामग्री प्रदान की गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पंचायत की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया गया है।
