एआरबी टाइम्स ब्यूरो, धर्मशाला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से पंचायतों के पुनर्गठन और पुनर्सीमांकन पर लगाई रोक को लेकर कानूनी अध्ययन करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायत चुनाव हर हाल में होंगे, लेकिन प्राथमिकता आपदा प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाना है। पालमपुर के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि शानन जल विद्युत प्रोजेक्ट की लीज समाप्त हो चुकी है और कानून के अनुसार अब यह प्रोजेक्ट हिमाचल के पास होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लाभ कमा रहीं बिजली परियोजनाओं से हिमाचल को अब 12% नहीं, 50% रॉयल्टी मिलनी चाहिए।
19.77 करोड़ रुपये से पालमपुर में बनेगा हेलीपोर्ट
अपने एकदिवसीय दौरे पर सीएम सुक्खू ने 19.77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पालमपुर हेलीपोर्ट की आधारशिला रखी। इसमें यात्री टर्मिनल, फायर स्टेशन, उपयोगिता भवन और अन्य आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी। सीएम ने घोषणा की कि हेलीपोर्ट अगले वर्ष अप्रैल तक बन जाएगा और इसके बाद चंडीगढ़ और शिमला के लिए किफायती हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कांगड़ा को हिमाचल की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए योजनाएं बना रही है। भाजपा नेताओं की याचिका के कारण “पर्यटन गांव” प्रोजेक्ट रुका, लेकिन इसे जल्द सुलझाने के प्रयास जारी हैं।
अस्पतालों में स्थापित किए जा रहे आधुनिक उपकरण
सीएम ने गोपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और कहा कि राज्य के मेडिकल कॉलेजों व अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए 3000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। अस्पतालों में आधुनिक उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री जल्द ही क्षेत्र में लगभग 300 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को जनता को समर्पित करेंगे। उन्होंने सीएचसी के नए भवन, डिजिटल एक्स-रे और एंबुलेंस सुविधा के लिए मिली स्वीकृति पर धन्यवाद किया।
