एआरबी टाइम्स ब्यूराे, मंडी
पंडोह बग्गी टनल प्रशासनिक कारणों से बंद होने के चलते पंडोह डैम में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए डैम प्रबंधन द्वारा स्पिलवे गेटों को आवश्यकता अनुसार समय-समय पर खोला जाएगा। यह जानकारी पंडोह स्थित इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल डिवीजन, बीबीएमबी के अधिशासी अभियंता संतोष राणा ने दी।
उन्होंने बताया कि टनल बंद रहने के कारण जलाशय में पानी की आवक तेज है, जिसके चलते अतिरिक्त जल को सुरक्षित रूप से छोड़ना जरूरी हो गया है। ऐसे में ब्यास नदी किनारे रहने वाले लोग सतर्क रहें, क्योंकि गेट खुलने पर नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।
अधिशासी अभियंता ने राहगीरों, मछुआरों, ग्रामीणों व नदी तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि पशुपालक, नदी किनारे कार्य करने वाले लोग और यात्री किसी भी प्रकार का जोखिम न लें। बांध प्रबंधन लगातार जलस्तर की निगरानी कर रहा है और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत गेट संचालन किया जाएगा।
