एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
पत्र सूचना कार्यालय द्वारा आज किन्नौर जिला के आई.टी.डी.पी भवन, रिकांग पिओ में एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उपायुक्त किन्नौर, डॉ. अमित कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
उपायुक्त डॉ. शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि PIB केंद्र सरकार के सूचना प्रसार का नोडल संगठन है और यह केंद्र सरकार की नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य राष्ट्रीय, जिला और ब्लॉक स्तर पर कार्यरत मीडिया कर्मियों को PIB की कार्यप्रणाली से अवगत कराना और क्षेत्रीय मीडिया के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि सटीक जानकारी पाठकों तक पहुंचे, अफवाहों पर अंकुश लगे और हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी को कोई नुकसान न हो।
कार्यशाला का संचालन PIB मीडिया अधिकारी अहमद खान ने किया और उन्होंने उपस्थित मीडिया कर्मियों को PIB की गतिविधियों और कार्यप्रणाली से अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक किन्नौर अभिषेक शेखर ने एन.डी.पी.एस एक्ट और आपदा प्रबंधन के दौरान मीडिया रिपोर्टिंग पर विस्तृत चर्चा की और जिला प्रशासन एवं मीडिया के बीच सकारात्मक दृष्टिकोण पर जोर दिया। जिला चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ. राकेश नेगी ने कोटपा अधिनियम 2003 और जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे तंबाकू मुक्त अभियान की जानकारी साझा की।
उपमंडलाधिकारी कल्पा अमित कल्थाईक ने विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण रिकांग पिओ में सफाई और कचरा प्रबंधन पर अपने विचार प्रकट किए। वहीं, उपमंडलाधिकारी निचार नारायण सिंह चौहान ने वन अधिकार अधिनियम 2006 और पंचायत स्तर पर वन अधिकार समितियों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला में जनजातीय जिला किन्नौर के मीडिया कर्मी, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि, राजकीय महाविद्यालय रिकांग पिओ के छात्र-छात्राएं और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।