एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला/चंडीगढ़
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से हुई तबाही का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को राज्य के दौरे पर आ रहे हैं। कार्यक्रम के अनुसार पीएम मोदी दोपहर करीब डेढ़ बजे गगल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर वे राज्य में हुए नुकसान की समीक्षा करेंगे। यह बैठक 1:30 से 2:15 बजे तक चलेगी। इसके बाद प्रधानमंत्री आपदा प्रभावित चंबा, मंडी और कुल्लू जिलों का हवाई निरीक्षण करेंगे। पीएम मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कांगड़ा जिला को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों पर भी रोक लगाई गई है। हिमाचल पुलिस के करीब 350 जवान सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।
पंजाब में हवाई सर्वेक्षण और समीक्षा बैठक
मंगलवार को ही पीएम मोदी पंजाब भी जाएंगे। दोपहर करीब 3 बजे वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और शाम 4 बजे गुरदासपुर पहुंचकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। यहां प्रधानमंत्री एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्र टीमों से भी मुलाकात करेंगे। पंजाब सरकार ने प्रधानमंत्री से 20 हजार करोड़ रुपये के अंतरिम राहत पैकेज की मांग की है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि केंद्र सरकार से उम्मीद है कि वह आपदाग्रस्त राज्य को पर्याप्त सहायता प्रदान करेगी। साथ ही, राज्य सरकार ने पंजाब का पुराना 60 हजार करोड़ रुपये का बकाया जारी करने की भी मांग की है। शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह वड़िंग ने भी केंद्र से राहत पैकेज का अनुरोध किया है।
